ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

AAP के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने दिया इस्तीफा, बोले- पार्टी का रोडमैप स्पष्ट नहीं

रायपुर। आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ में संगठन को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शुक्रवार को अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और छत्तीसगढ़ प्रभारी मुखेश अहलावत को भेजा। इस्तीफा पत्र में जायसवाल ने पार्टी की मौजूदा कार्यप्रणाली और संगठन की दिशा को लेकर सवाल उठाए हैं।

उत्तम जायसवाल ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम किया। गांवों से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आम लोगों के मुद्दों को उठाने के लिए उन्होंने प्रयास किए। हालांकि, वर्तमान परिस्थितियों में उन्हें अपने उद्देश्य की पूर्ति होती दिखाई नहीं दे रही है।

2023 चुनाव में उपेक्षा का किया जिक्र

इस्तीफा पत्र में जायसवाल ने 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं की कथित उपेक्षा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कई संघर्षशील कार्यकर्ताओं ने उपेक्षा और अपमान महसूस किया। इसका असर संगठन पर भी पड़ा। उनके मुताबिक, चुनाव के बाद भी पार्टी की कार्यप्रणाली में अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ।

जायसवाल ने कहा कि प्रदेश के महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए भी उन्हें छत्तीसगढ़ को लेकर पार्टी का कोई स्पष्ट रोडमैप नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए पद से ज्यादा आत्मसम्मान, संघर्ष और वर्षों से पार्टी के साथ खड़े कार्यकर्ताओं का सम्मान महत्वपूर्ण है।

‘जमीन पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता पार्टी की ताकत’

उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत बड़े पदों पर बैठे लोग नहीं, बल्कि जमीन पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता होते हैं। जायसवाल ने उम्मीद जताई कि पार्टी उनके इस्तीफे को सिर्फ एक पदाधिकारी के त्यागपत्र के तौर पर नहीं देखेगी, बल्कि इसे समर्पित कार्यकर्ताओं की पीड़ा और संगठन को लेकर उनकी चिंता के रूप में समझेगी। अंत में उन्होंने प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है।

Related Articles

Back to top button