ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जरहागांव में कीचड़ में तब्दील हुई नहर लाइन रोड, गड्ढों में धान लगाकर जताया विरोध

मुंगेली। मुंगेली के नगर पंचायत जरहागांव में मानियारी जलाशय योजना के अंतर्गत जरहागांव माइनर नहर से निकलने वाली माइनर नहर लाइन रोड इन दिनों किसानों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

बारिश के बाद कच्ची सड़क पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण किसानों के लिए खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। खेती के सीजन में खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री पहुंचाने में उन्हें काफी परेशानी हो रही है।

सड़क की बदहाली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि किसानों को करीब 2 किलोमीटर तक खाद और बीज सिर पर रखकर खेतों तक ले जाना पड़ रहा है। कीचड़ के कारण चारपहिया वाहन इस मार्ग पर नहीं चल पा रहे हैं। इससे किसानों को कृषि कार्य के लिए जरूरी सामान खुद उठाकर ले जाना पड़ रहा है। समय पर खाद-बीज नहीं पहुंचने से खेती का काम भी प्रभावित होने की आशंका है।

बार-बार मांग के बाद भी नहीं बनी सड़क

किसानों और ग्रामीणों के मुताबिक सड़क के पक्कीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है। ग्रामीणों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई। बारिश शुरू होते ही स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है।

गड्ढों में धान लगाकर किया प्रदर्शन

सड़क की बदहाली से नाराज किसानों ने अनूठे तरीके से विरोध जताया। उन्होंने कीचड़ से भरी सड़क के गड्ढों में धान के पौधे लगा दिए। किसानों का कहना है कि सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि यहां आवागमन के बजाय धान की फसल लगाने जैसी स्थिति बन गई है। प्रदर्शन के जरिए उन्होंने प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर खींचा।

दर्जनभर गांवों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग

ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग आसपास के करीब दर्जनभर गांवों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क बनने से कई गांवों की दूरी काफी कम हो सकती है। वर्तमान में कुछ ग्रामीणों को करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि सड़क बनने के बाद यह दूरी 4-5 किलोमीटर तक रह जाएगी। किसानों ने प्रशासन से जल्द सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button