StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

आमिर खान जल्द कर सकते हैं तीसरी शादी, 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट संग निजी समारोह की चर्चा

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई को एक निजी समारोह में शादी कर सकते हैं।

हालांकि, इस संबंध में अभी तक आमिर खान या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों अपने रिश्ते को औपचारिक रूप देने की तैयारी में हैं।

बताया जा रहा है कि यह समारोह बेहद सादगीपूर्ण होगा और इसमें केवल परिवार के सदस्य तथा करीबी मित्र ही शामिल होंगे। किसी भव्य आयोजन या बड़े रिसेप्शन की योजना नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों एक छोटे से साइनिंग सेरेमनी या रजिस्टर्ड मैरिज के जरिए अपने रिश्ते को नया नाम दे सकते हैं।

आमिर खान ने वर्ष 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था। इसके बाद से दोनों को कई कार्यक्रमों और निजी आयोजनों में साथ देखा गया है।

कहा जा रहा है कि दोनों पिछले काफी समय से साथ रह रहे हैं और अब अपने रिश्ते को कानूनी रूप देने का फैसला किया है।

गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली एक सैलून उद्यमी और फैशन प्रोफेशनल हैं। उन्होंने लंदन के यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स से फैशन और स्टाइलिंग की पढ़ाई की है।

वर्तमान में वह मुंबई में एक प्रमुख सैलून व्यवसाय से जुड़ी हैं। गौरी पहले भी शादीशुदा रह चुकी हैं और उनका एक बेटा भी है।

आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद और इरा हैं। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से विवाह किया था।

दोनों का एक बेटा आज़ाद है। वर्ष 2021 में आमिर और किरण ने आपसी सहमति से अलग होने की घोषणा की थी।

यदि रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी और उनके जीवन का एक नया अध्याय शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button