ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरस्वती पूजा पर नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक, ग्रामीणों ने हटाने का प्रस्ताव पारित किया

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के जूनापारा प्राइमरी स्कूल में बसंत पंचमी के दिन एक शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुंच गया। शिक्षक बुद्धेश्वर दास सरस्वती पूजा में शामिल होने आया था, लेकिन शराब के नशे में वह बहकी-बहकी बातें करने लगा। मौके पर मौजूद अभिभावकों ने उसका वीडियो रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया में वायरल हो गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, शिक्षक आदतन शराब पीता है और कई बार स्कूल में नशे की हालत में देखा गया। इस बार भी उसने पूजा में शामिल होने के बावजूद असभ्य व्यवहार किया। वीडियो में शिक्षक ने बताया कि उन्होंने पूजा में दूसरा प्रसाद चढ़ाया। जब उनसे शराब पीने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि “कुछ नहीं, दाल-भात खाया है।” नाम पूछने पर भी शिक्षक जवाब नहीं दे रहे थे।

घटना के बाद ग्रामीणों ने ग्राम सभा बुलाई और शिक्षक को स्कूल से हटाने का प्रस्ताव पारित किया। सरपंच प्रतिनिधि गुड्डू सिंह और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक की आदत के कारण बच्चों और अभिभावकों में असंतोष बढ़ गया है।

मामले में लखनपुर बीईओ डीके गुप्ता ने संकुल प्रभारी से जांच कराई। संकुल प्रभारी ने रिपोर्ट दी कि शिक्षक शराब पीकर स्कूल पहुंचा था। इसके आधार पर बीईओ ने शिक्षक को सस्पेंड करने की सिफारिश डीईओ सरगुजा को भेज दी।

ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि शिक्षक का लगातार नशे में स्कूल आना गंभीर मामला है और इसे अनदेखा नहीं किया जा सकता। घटना ने सरकारी स्कूलों में शिक्षक अनुशासन और बच्चों की सुरक्षा के मुद्दे को उजागर किया है।

अब मामला शिक्षा विभाग की जांच में है और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग पूरे स्कूल और ग्रामीणों के लिए सबक बन गई है कि शिक्षकों का व्यवहार छात्रों और समाज के सामने अनुशासनिक होना चाहिए।

Related Articles

Back to top button