StateNewsदेश - विदेश

सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले स्टेशन पर बवाल: छात्रों ने किया पथराव-तोड़फोड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा;6 गिरफ्तार

पटना। बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले रविवार देर रात पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।

देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि छात्रों ने कई ट्रेनों को रोक दिया और स्टेशन परिसर में पथराव व तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचे थे। छात्रों का आरोप था कि परीक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं की गई थीं और ट्रेन संचालन को लेकर भी परेशानी हो रही थी। इसके बाद कुछ छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन पर मौजूद दुकानों और एग्जाम स्पेशल ट्रेन में भी तोड़फोड़ की। पथराव के कारण स्टेशन परिसर में कांच के टुकड़े बिखर गए। कुछ प्रदर्शनकारी ट्रेन के इंजन पर भी चढ़ गए, जिससे रेलवे व्यवस्था प्रभावित हुई।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि देर रात हंगामे की सूचना मिली थी।

प्रशासन ने छात्रों से शांत रहने और अन्य परीक्षार्थियों को परेशानी नहीं पहुंचाने की अपील की, लेकिन कुछ लोगों ने लगातार इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेनों को रोकने का प्रयास किया।

डीएम ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की ओर से अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाने जैसी मांगें की जा रही थीं, जबकि रेलवे की ओर से पहले ही दो स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा चुकी थीं।

उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उन परीक्षार्थियों को भी रोकने की कोशिश की, जो परीक्षा देने जाना चाहते थे। इसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

स्थिति बिगड़ने पर आईजी जितेंद्र राणा ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग की।

प्रशासन के अनुसार अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू हो चुका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button