‘कुबूल है’ फेम सुरभि ज्योति बनीं मां, बेटी को दिया जन्म; हिना खान समेत टीवी सितारों ने दी बधाई

मुंबई। टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री सुरभि ज्योति के घर खुशियों ने दस्तक दी है। ‘कुबूल है’ सीरियल में जोया फारूकी के किरदार से घर-घर पहचान बनाने वाली सुरभि ज्योति ने बेटी को जन्म दिया है। अभिनेत्री ने 13 जून को अपनी नन्ही परी का स्वागत किया। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की।
सुरभि ने इंस्टाग्राम पर एक खास तस्वीर शेयर की, जिसमें ‘इट्स अ गर्ल’ लिखा हुआ था। तस्वीर में बेटी के जन्म की तारीख 13 जून भी दिखाई गई। उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा कि उनकी बेटी आ गई है और उनका दिल प्यार व आभार से भरा हुआ है। इस खबर के सामने आने के बाद टीवी जगत के कलाकारों और प्रशंसकों ने कपल को शुभकामनाएं देनी शुरू कर दीं।
अभिनेत्री हिना खान ने सुरभि की पोस्ट पर कमेंट करते हुए उन्हें बधाई दी और ‘माशाल्लाह’ लिखा। वहीं अभिनेता अरिजीत तनेजा ने भी कपल को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार सुरभि और उनके परिवार के लिए खुशी जाहिर कर रहे हैं।
इससे पहले सुरभि ने इसी साल 11 फरवरी को अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि परिवार इस नए सदस्य के स्वागत को लेकर बेहद उत्साहित था। उन्होंने कहा था कि उनकी मां और सास ने इस दौरान उनका पूरा साथ दिया और अपने अनुभव साझा किए।
सुरभि ज्योति और उनके पति सुमित सूरी की शादी 27 अक्टूबर 2024 को उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट में हुई थी। यह शादी पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। दोनों की पहली मुलाकात एक म्यूजिक वीडियो ‘हांजी- द मैरिज मंत्रा’ के सेट पर हुई थी।
सुरभि ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी थिएटर और टेलीविजन से की थी। साल 2012 में शुरू हुए सीरियल ‘कुबूल है’ से उन्हें बड़ी लोकप्रियता मिली। इसके अलावा उन्होंने ‘नागिन 3’ और ‘कोई लौट के आया है’ जैसे चर्चित शो में भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। अब अभिनेत्री अपनी जिंदगी के नए अध्याय में प्रवेश कर चुकी हैं।





