StateNewsदेश - विदेश

देशभर में ठंड और कोहरे का डबल अटैक: राजस्थान-MP के 22 शहरों में पारा 10°C से नीचे, श्रीनगर में -1.9 डिग्री; उत्तर भारत के 13 राज्यों में अलर्ट

फतेहपुर 4.3 और MP के करौंदी में 6.8 डिग्री तापमान; दिल्ली की हवा लगातार 12वें दिन खराब, दक्षिण भारत में बारिश और जलभराव की स्थिति

दिल्ली। देशभर में सर्दी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में तापमान माइनस तक पहुंच रहा है, जबकि राजस्थान और मध्य प्रदेश के 22 शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में गुरुवार रात न्यूनतम तापमान -1.9 डिग्री रहा। यह इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। वहीं, उत्तर भारत के 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान के फतेहपुर में तापमान 4.3 डिग्री और मध्य प्रदेश के कटनी जिले के करौंदी में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों में शीतलहर का असर बढ़ने की संभावना है। दक्षिण भारत में भी ठंड महसूस की जा रही है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में पारा 9.6 डिग्री तक पहुंच गया है।

श्रीनगर में सीजन की सबसे ठंडी रात, पेड़ों पर जमी बर्फ

जम्मू-कश्मीर में सर्दी तेज हो गई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुलगाम में पेड़ों की टहनियों पर बर्फ जम गई है। ठंड का असर जलस्रोतों और पानी की पाइपलाइनों पर भी दिखाई देने लगा है। कई जगह पानी जमने की स्थिति बन रही है।

राजस्थान में उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने सीकर, अजमेर, टोंक, बूंदी और कोटा समेत 5 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। फतेहपुर में 4.3 डिग्री के अलावा सीकर में 5, नागौर में 6.1 और चूरू में 7.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश के 10 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। भोपाल में 8.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

यूपी, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे की चेतावनी

उत्तर भारत के 13 राज्यों में घने कोहरे की संभावना जताई गई है। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम समेत अन्य राज्य शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रहा। प्रदेश के 20 शहरों में घना कोहरा छाया। बलरामपुर में दृश्यता घटकर 10 मीटर तक रह गई। हरियाणा के हिसार में पारा 7.2 डिग्री और पंजाब के फरीदकोट में 7.1 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब के 13 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है।

हिमाचल प्रदेश के 11 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। सोलन में 3.6 और चंबा में 4.8 डिग्री तापमान रहा। मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में 30 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

दक्षिण भारत में बारिश, दिल्ली की हवा भी खराब

एक ओर उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश जारी है। केरल के तिरुवनंतपुरम में करीब दो घंटे की बारिश के बाद जलभराव हो गया। तमिलनाडु के तिरुचेंदुर में भी भारी बारिश से कई सड़कों पर पानी भर गया। आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। गुरुवार को लगातार 12वें दिन हवा खराब श्रेणी में रही। 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 224 दर्ज किया गया। AQI का 201 से 300 के बीच होना खराब श्रेणी में आता है।

Related Articles

Back to top button