ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ से होकर गुजरेंगी 30 संक्रांति स्पेशल ट्रेनें: दिसंबर से जनवरी तक चलेगी सेवा, सिकंदराबाद-हैदराबाद के यात्रियों को राहत

रायपुर। संक्रांति पर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों की घोषणा की है। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे 30 स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाएगा।

इन ट्रेनों का संचालन दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 तक अलग-अलग तारीखों में किया जाएगा। खास बात यह है कि ये सभी ट्रेनें छत्तीसगढ़ से होकर गुजरेंगी, जिससे प्रदेश के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

इन रूटों पर होगा संचालन

रेलवे की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, सिकंदराबाद-पार्वतीपुरम, चारलापल्ली-नरसापुर, चारलापल्ली-श्रीकाकुलम रोड और हैदराबाद-नरसापुर के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

ट्रेन नंबर 07009 सिकंदराबाद से प्रत्येक बुधवार शाम 7:30 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:15 बजे पार्वतीपुरम पहुंचेगी। यह सेवा 23 दिसंबर से 27 जनवरी तक चलेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 07010 गुरुवार दोपहर 3:30 बजे पार्वतीपुरम से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे सिकंदराबाद पहुंचेगी। इसका संचालन 24 दिसंबर से 28 जनवरी तक होगा।

जनवरी में भी चलेंगी विशेष ट्रेनें

चारलापल्ली-नरसापुर स्पेशल ट्रेन (07013/07014) जनवरी में निर्धारित तारीखों पर चलेगी। चारलापल्ली से यह ट्रेन 10, 12, 17 और 19 जनवरी को रवाना होगी। वहीं, नरसापुर से वापसी सेवा 11, 13, 18 और 20 जनवरी को रहेगी।

चारलापल्ली-श्रीकाकुलम रोड स्पेशल (07115/07116) का संचालन 7, 8, 9, 10, 16 और 17 जनवरी को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा। हैदराबाद-नरसापुर स्पेशल (07117/07118) भी 9, 10, 16 और 17 जनवरी को चलेगी।

एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा

इन ट्रेनों का ठहराव अलग-अलग रूटों पर नलगोंडा, मिरयालगुडा, गुंटूर, विजयवाड़ा, एलुरु, राजमुंदरी, समालकोट, अनकापल्ले, दुव्वाडा और विजयनगरम समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

इनमें सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोच लगाए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों से शेड्यूल के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button