ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में बदइंतजामी के आरोप: सोमनाथ गए बुजुर्ग बोले- भिखारियों से भी बदतर हालत, खाने-ठहरने तक की परेशानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत सोमनाथ दर्शन के लिए गए बुजुर्गों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें यात्री यात्रा के दौरान हुई परेशानियों को बताते हुए मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

उनका आरोप है कि सरकारी योजना के तहत तीर्थ यात्रा पर भेजने के बावजूद अफसरों ने बुनियादी सुविधाओं तक का इंतजाम नहीं किया। बुजुर्गों ने अपनी स्थिति भिखारियों से भी बदतर बताई है।

समय पर खाना नहीं, घंटों सड़क पर इंतजार

वीडियो में यात्रियों ने भोजन और ठहरने की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यात्रा के दौरान समय पर खाना नहीं मिल रहा। आराम करने के लिए भी समुचित इंतजाम नहीं हैं।

कई बार उन्हें घंटों सड़क पर बैठकर इंतजार करना पड़ता है। उम्र के इस पड़ाव में उन्हें सहारे और सुविधाओं की जरूरत है, लेकिन इसके बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ठहरने की जगह पर गंदगी का आरोप

बुजुर्गों ने खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जो भोजन मिल रहा है, उसी से मजबूरी में काम चलाना पड़ रहा है। ठहरने के लिए उपलब्ध कराए गए स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति भी खराब है। यात्रियों के मुताबिक, आसपास गंदगी फैली हुई है और स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जा रहा।

कोच प्रभारी के नहीं होने से बढ़ी परेशानी

यात्रियों का आरोप है कि उनकी समस्याएं सुनने और समाधान कराने के लिए जिम्मेदार कोच प्रभारी भी मौके पर मौजूद नहीं हैं। ऐसे में वे अपनी शिकायत किससे करें, यह समझ नहीं आ रहा। वीडियो सामने आने के बाद योजना के संचालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य बुजुर्गों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराना है। ऐसे में भोजन, आवास, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। फिलहाल वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों पर संबंधित विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है।

Related Articles

Back to top button