StateNewsदेश - विदेश

युवती को घर से घसीटकर ले जाने की कोशिश: शादी से इनकार पर तेजाब डालने और गोली मारने की धमकी; पिता-भाई से मारपीट

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में 19 वर्षीय युवती को शादी के लिए परेशान करने और घर से जबरन ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि निखिल नाम का युवक 25 नवंबर को दो कारों में 10-12 साथियों के साथ युवती के घर पहुंचा।

उसने परिवार के सामने युवती को बाल पकड़कर घसीटा और कार में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर युवती के पिता और भाई के साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग जुटे तो आरोपी फरार हो गए।

एक साल से परेशान करने का आरोप

जसवंतनगर थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली युवती का कहना है कि निखिल करीब एक साल से उसे परेशान कर रहा है। वह शादी के लिए दबाव बनाता है और इनकार करने पर गोली मारने, ट्रक चढ़ाने और तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी देता है।

युवती के मुताबिक, इसी डर के कारण उसने पढ़ाई भी छोड़ दी और घर से बाहर निकलना कम कर दिया। परिवार का आरोप है कि पहले भी युवक को समझाने की कोशिश की गई थी।

उसके पिता ने दोबारा ऐसी हरकत नहीं होने का भरोसा दिया, लेकिन इसके बाद भी परेशान करना जारी रहा। युवती की फोटो सोशल मीडिया पर लगाकर बदनाम करने की कोशिश का आरोप भी लगाया गया है।

शादी जनवरी में तय, घर पर किया हमला

युवती के भाई के मुताबिक, उसकी बहन की शादी जनवरी में तय है। घटना के दिन वह और उसके पिता शादी की तैयारियों को लेकर बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचा और युवती को जबरन ले जाने लगा। भाई ने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास तमंचा और अन्य हथियार थे। विरोध करने पर परिवार के लोगों से मारपीट की गई।

एसपी ने जांच के दिए निर्देश

परिवार ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं करने और युवती से कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है। इसके बाद उन्होंने एसपी से शिकायत की।

एसपी सिटी बबीता सिंह ने बताया कि पीड़िता और उसका परिवार उनसे मिला था। शिकायत सुनने के बाद जसवंतनगर पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button