ई-ऑफिस और समय पर दफ्तर पहुंचने में इन विभागों ने मारी बाजी, मुख्य सचिव ने किया सम्मानित

1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक की सात महीने की रैंकिंग जारी, चिकित्सा शिक्षा विभाग ई-ऑफिस में पहले स्थान पर
रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में ई-ऑफिस के इस्तेमाल और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति के मामले में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है। मुख्य सचिव विकासशील ने 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक की सात महीने की संचयी रैंकिंग के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों और अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने इस प्रगति पर सभी को बधाई देते हुए व्यवस्था में और सुधार करने के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस की रैंकिंग में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने पहला स्थान हासिल किया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग दूसरे, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तीसरे, जनसंपर्क विभाग चौथे और आदिम जाति विकास विभाग पांचवें स्थान पर रहा।
अधिकारियों-कर्मचारियों को भी मिला सम्मान
विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। अपर सचिव श्रेणी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सच्चिदानंद आलोक पहले स्थान पर रहे। उप सचिव श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग की लवीना पाण्डेय ने पहला स्थान हासिल किया। अवर सचिव श्रेणी में खाद्य विभाग के भूपेंद्र सिंह राजपूत, अनुभाग अधिकारी श्रेणी में पी. दुर्गा और सहायक अनुभाग अधिकारी श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिया खान लोहानी को प्रथम स्थान मिला।
वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में खाद्य विभाग के जयमनी पहाड़िया और कनिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में संदीप कुमार तारम पहले स्थान पर रहे। सहायक ग्रेड-3 श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग के ऋषिकेश मिर्चे को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
समय पर दफ्तर पहुंचने वाले 10 कर्मचारी सम्मानित
उपस्थिति रैंकिंग में भी 10 अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मान मिला। इनमें महिला एवं बाल विकास विभाग की कांति सूर्यवंशी, आदिम जाति विकास विभाग की प्रमिला यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के मेलू राम ध्रुव और मुख्य सचिव कार्यालय की आराधना साहू सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
मुख्य सचिव ने सामान्य प्रशासन विभाग को ई-ऑफिस और उपस्थिति व्यवस्था में हुए सुधारों का दस्तावेजीकरण करने तथा फीडबैक सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टरों से भी अपने जिलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने को कहा। उनका लक्ष्य मंत्रालय को एक आदर्श कार्यालय के रूप में स्थापित करना है।





