25 करोड़ की रंगदारी केस में TI विनीत दुबे सस्पेंड: शोएब ढेबर को पुलिस दबिश की सूचना लीक करने का आरोप

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नारायणपुर में पदस्थ थाना प्रभारी (TI) विनीत दुबे को बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबित कर दिया है।
उन पर फरार आरोपी शोएब ढेबर को पुलिस की दबिश की गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक, विनीत दुबे का आचरण पद के अनुरूप नहीं पाया गया और इसे विभागीय नियमों के विपरीत माना गया है।
मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा है। पुलिस इस केस में फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। आरोप है कि शोएब ने कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी।
उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने खम्हारडीह समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही वह वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय रणनीति लीक होने का संदेह सामने आया।
30 अक्टूबर को भेजा था प्रतिवेदन
रायपुर पुलिस कमिश्नर ने 30 अक्टूबर 2026 को TI विनीत दुबे के खिलाफ प्रतिवेदन भेजा था। इसी के आधार पर निलंबन का आदेश जारी किया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
दो आरक्षक भी हो चुके हैं सस्पेंड
इस मामले में गोपनीय सूचना लीक होने के संदेह में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी पहले निलंबित किया जा चुका है।





