जेल में सुरक्षा पर फिर सवाल: 4 कैदियों के फरार होने के बाद बंदी की मौत

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले जेल की दीवार फांदकर चार कैदियों के फरार होने और अब एक बंदी की मौत की घटना ने व्यवस्था को कठघरे में ला दिया है।
एनडीपीएस मामले में वर्ष 2023 से जेल में बंद कैदी सैय्यद अशफाक की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन कैदी को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सैय्यद अशफाक बिलासपुर के तिफरा स्थित यदु नंदर नगर का निवासी था। फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
16 नवंबर को फरार हुए थे चार कैदी
महासमुंद जिला जेल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल तब भी उठे थे, जब 16 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे चार कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र एनडीपीएस एक्ट के तहत बंद थे, जबकि पंचराम चोरी के आरोप में जेल में था।
120 किलोमीटर दूर पकड़ा गया मास्टरमाइंड
फरार कैदियों में शामिल पंचराम को महासमुंद पुलिस ने करीब 120 किलोमीटर दूर सरायपाली से गिरफ्तार कर लिया। उसे फरारी की घटना का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। वह सक्ती जिले के चंद्रपुर का निवासी है और इससे पहले भी धमतरी व जांजगीर की जेलों से फरार हो चुका है।
लगातार दो घटनाओं के बाद जेल की सुरक्षा, बंदियों की निगरानी और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, कैदी की मौत और जेल प्रशासन की लापरवाही के बीच फिलहाल कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।





