ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भारत पर्व में दिखी छत्तीसगढ़ की शिल्पकला और संस्कृति, PM मोदी ने कलाकारों से की मुलाकात

बस्तर के शिल्पकारों से जाना कला का हुनर, बस्तरिया रेला की प्रस्तुति से हुआ स्वागत

रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक शिल्पकला और पर्यटन की झलक देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत पर्व का शुभारंभ करने के बाद छत्तीसगढ़ के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने नारायणपुर और बस्तर के शिल्पकारों से आत्मीय बातचीत की और उनके हुनर की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने स्टॉल पर बांस शिल्प और अन्य लोककलाओं का प्रदर्शन कर रहे कलाकारों से मुलाकात की। उन्होंने शिल्प निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और कलाकारों के काम में रुचि दिखाई। इस दौरान बस्तर के कलाकारों ने पारंपरिक बस्तरिया रेला की प्रस्तुति देकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

15 दिनों तक चलने वाले इस भारत पर्व में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की ओर से विशेष स्टॉल लगाया गया है। पर्यटन मंडल की डॉ. सुभदा चतुर्वेदी ने बताया कि स्टॉल में प्रदेश की पारंपरिक हस्तशिल्प कलाओं के साथ प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया है। यहां डोकरा शिल्प, लौह शिल्प, कोसा साड़ियां और बांस से बनी कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र हैं।

पर्यटन स्थलों की भी दी जा रही जानकारी

स्टॉल में चंपारण, चित्रकोट सहित छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों और पर्यटन रिसॉर्ट की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। इसके जरिए देशभर से आने वाले पर्यटकों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है। भारत पर्व के माध्यम से छत्तीसगढ़ के स्थानीय शिल्पकारों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button