PM जनमन आवास के नाम पर 2.40 लाख की ठगी, ठेकेदार निक्की खान पर FIR

कबीरधाम में अब तक तीन ठेकेदारों पर केस दर्ज, आवास निर्माण अधूरा छोड़ने और पैसे नहीं लौटाने का आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत हितग्राहियों से ठगी के मामले में पुलिस ने एक और ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज की है।
बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला में तीन हितग्राहियों से मकान बनाने के नाम पर 2.40 लाख रुपए लेने और निर्माण पूरा नहीं करने का आरोप है। मामले में ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के खिलाफ चिल्फी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है।
उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर हितग्राहियों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले दो अन्य ठेकेदारों के खिलाफ भी FIR दर्ज की जा चुकी है।
तीन हितग्राहियों से लिए 80-80 हजार रुपए
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम दुलदुला के राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम पर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि ठेकेदार निक्की खान ने आवास निर्माण का काम अपने जिम्मे लिया।
हितग्राहियों को पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपए मिले थे। इसके बाद दूसरी किस्त के 60 हजार रुपए भी ठेकेदार को नकद दिए गए। आरोप है कि राशि लेने के बावजूद मकानों का निर्माण पूरा नहीं किया गया। पैसे वापस मांगने पर भी रकम नहीं लौटाई गई। शिकायत के अनुसार, तीनों हितग्राहियों से कुल 2.40 लाख रुपए लिए गए।
तीन ठेकेदारों पर 7.49 लाख की ठगी का आरोप
इससे पहले ग्राम आमानारा के बैसाखू बैगा की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ और ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह की शिकायत पर ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी।
अब तक तीन ठेकेदारों के खिलाफ कुल 7.49 लाख रुपए की ठगी के आरोप में मामले दर्ज किए गए हैं।
हितग्राहियों के अधिकारों की रक्षा पर जोर
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि आवास निर्माण के नाम पर जरूरतमंद परिवारों से धोखाधड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार का उद्देश्य विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराना और योजना का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाना है।





