महतारी वंदन से खरीदी सिलाई मशीन, बेटी के लिए हर महीने बचा रहीं ₹500

32 किस्तों में मिले 32 हजार रुपए से शुरू किया स्वरोजगार; परिवार की आमदनी बढ़ाने के साथ बेटी के भविष्य को भी दे रहीं आर्थिक सुरक्षा
रायपुर। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली हर महीने की एक हजार रुपए की सहायता ने बेमेतरा जिले की प्रेमिन वर्मा के आत्मनिर्भर बनने के सपने को नई उड़ान दी है। बेरला विकासखंड के ग्राम उफरा निवासी प्रेमिन ने योजना से मिली राशि की बचत कर सिलाई मशीन खरीदी और घर से ही सिलाई का काम शुरू किया। अब वह परिवार की आमदनी बढ़ाने में योगदान दे रही हैं। साथ ही बेटी के भविष्य के लिए हर महीने 500 रुपए सुकन्या समृद्धि खाते में जमा कर रही हैं।
प्रेमिन बताती हैं कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घरेलू जरूरतों को पूरा करना चुनौतीपूर्ण था। सीमित आमदनी के बीच बेटी की पढ़ाई और उसके बेहतर भविष्य की चिंता भी बनी रहती थी। ऐसे में महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता उनके लिए आर्थिक संबल बनी। अब तक उन्हें 32 किस्तों में कुल 32 हजार रुपए मिल चुके हैं।
सिलाई मशीन से शुरू किया काम
प्रेमिन ने योजना से मिली राशि का उपयोग केवल घरेलू खर्चों में करने के बजाय स्वरोजगार शुरू करने के लिए किया। उन्होंने बचत से सिलाई मशीन खरीदी और घर पर ही कपड़ों की सिलाई का काम शुरू कर दिया। इससे उन्हें अपनी मेहनत से आमदनी अर्जित करने का अवसर मिला है। अब वह परिवार की आर्थिक जरूरतों में हाथ बंटा रही हैं और पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास महसूस करती हैं।
बेटी के भविष्य के लिए हर महीने बचत
स्वरोजगार के साथ प्रेमिन बेटी की आर्थिक सुरक्षा पर भी ध्यान दे रही हैं। वह योजना से मिलने वाली राशि में से हर महीने 500 रुपए बेटी के सुकन्या समृद्धि खाते में जमा करती हैं। उनका प्रयास है कि भविष्य में बेटी की उच्च शिक्षा और दूसरी जरूरतों के लिए बचत का सहारा मिल सके।
प्रेमिन के मुताबिक, सिलाई मशीन उनके लिए सिर्फ रोजगार का साधन नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का जरिया है। उनकी कहानी बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता का योजनाबद्ध उपयोग महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और परिवार के भविष्य के लिए बचत करने में मदद कर सकता है।





