StateNewsदेश - विदेश

वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष का आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च, राहुल गांधी 11:30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

नई दिल्ली। वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक की विपक्षी पार्टियां सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगी। कांग्रेस ने इसे ‘चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया है। विपक्षी नेता दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड जंक्शन पर जुटेंगे। राहुल गांधी सुबह 11:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि SIR के जरिए मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जा रहे हैं। हालांकि, ये विपक्ष के आरोप हैं।

CJI से मिलने का समय मांगा था

राहुल गांधी ने रविवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था, ताकि उन्हें ज्ञापन सौंपा जा सके। सूत्रों के मुताबिक, CJI ने मिलने से इनकार करते हुए कहा कि इस तरह के मामले पहले से सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। इसके बाद कांग्रेस ने कहा कि वह CJI के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन मार्च जारी रहेगा।

शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखना चाहता है। उन्होंने CJI के मिलने से इनकार करने पर नाराजगी जताई।

दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई, 6 मेट्रो स्टेशन बंद

मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। जनपथ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार शाम 4 बजे तक बंद रखने की जानकारी दी गई है। कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं। पुलिस ने नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली से रेलवे स्टेशन, ISBT या एयरपोर्ट जाने वालों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है।

पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं विपक्षी सांसद

6 से 9 अक्टूबर तक विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग और SIR के विरोध में प्रदर्शन किए थे। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। 9 अक्टूबर को विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन भी सौंपा था।

Related Articles

Back to top button