पीएम मोदी के 25 साल के जनसेवा काल को समर्पित ‘सेवा ज्योति यात्रा’, 38 जगह बनेंगे संकल्प चौक

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के जिला मुख्यालयों समेत 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी इसी रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। उन्होंने नागरिकों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया।
इसके बाद हाथ में मशाल लेकर सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से तेलीबांधा चौक तक निकाली गई।
‘25 साल जनसेवा और सुशासन की यात्रा’
सीएम साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह यात्रा जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। विकसित भारत के लिए विकसित छत्तीसगढ़ जरूरी है। राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के विकास की दिशा तय की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चल रहा है। इसके तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री को 25 वर्ष की जनसेवा के लिए बधाई दी।



