बस्तर ओलंपिक के लिए 1 अक्टूबर से पंजीयन, नवंबर में ब्लॉक स्तर की स्पर्धाएं

तीन चरणों में होंगे आयोजन; 11 खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा, 30 अक्टूबर तक करा सकेंगे पंजीयन
रायपुर, 30 सितंबर 2026। बस्तर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी खेल प्रतिभा को मंच देने के लिए बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए पंजीयन 1 अक्टूबर से शुरू होकर 30 अक्टूबर तक चलेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जाएगा। विकासखंड स्तर की स्पर्धाएं 1 से 13 नवंबर तक प्रस्तावित हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
14 से 17 साल के खिलाड़ी भी ले सकेंगे हिस्सा
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे। सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।
जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर और संभाग स्तर की स्पर्धाएं 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं।
एथलेटिक्स से लेकर फुटबॉल-तीरंदाजी तक मुकाबले
प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल शामिल हैं। एथलेटिक्स में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले होंगी। तीरंदाजी में 30 और 50 मीटर की स्पर्धाएं होंगी। हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर होगा। सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल है।
दो संस्करणों में लाखों खिलाड़ियों की भागीदारी
बस्तर ओलंपिक की शुरुआत 2024 में हुई थी। पहले संस्करण में 1.65 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। वर्ष 2025 के दूसरे संस्करण में 3.91 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। दोनों संस्करणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन के रूप में चिन्हित कर युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित किया गया।





