ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दिसंबर में निकाय-पंचायत उपचुनाव: 1 अक्टूबर की संदर्भ तारीख से बनेगी मतदाता सूची, 30 नवंबर को अंतिम प्रकाशन

नगरपालिका के 424 और त्रिस्तरीय पंचायतों के 814 पदों के लिए जारी हुआ निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में होने वाले नगरपालिका और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने और उसके पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर तैयार की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि नगरपालिका आम निर्वाचन के लिए कुल 417 पदों के लिए निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण होगा। इनमें भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बीरगांव नगर निगम के 4 महापौर पद, 13 अध्यक्ष और 400 पार्षद पद शामिल हैं। वहीं उप निर्वाचन के लिए 1 अध्यक्ष और 6 पार्षद पदों की निर्वाचक नामावली भी तैयार की जाएगी।

23 अक्टूबर को प्रारंभिक सूची का प्रकाशन

निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद 30 नवंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।

पंचायतों के 814 पदों के लिए भी पुनरीक्षण

त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए कुल 814 पदों की निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी। इसमें जनपद पंचायत सदस्य का 1 पद, सरपंच के 92 पद और पंच के 721 पद शामिल हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण का काम त्रुटिरहित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में एक-एक निर्वाचक नामावली प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। प्रेक्षक पुनरीक्षण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि मतदाता सूची तैयार करने का काम तय कार्यक्रम के अनुसार पूरा हो।

Related Articles

Back to top button