राज्योत्सव की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे अधिकारी: पार्किंग, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर फोकस

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर मेला ग्राउंड में होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया। मुख्य सचिव विकासशील के निर्देश पर पर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एग्जिबिशन सेंटर, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल, शिल्पग्राम, प्रशासनिक भवन, हेलीपैड, पार्किंग जोन, फूड जोन, फन जोन, मुख्य प्रवेश द्वार और बस स्टॉप सहित विभिन्न स्थानों की तैयारियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने पर जोर दिया।
जेसीबी से होगा समतलीकरण, पार्किंग और रोशनी की भी तैयारी
आयोजन स्थल पर जेसीबी से समतलीकरण, पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और विभिन्न स्टॉल तैयार करने के संबंध में अधिकारियों ने जानकारी ली। नागरिकों और बाहर से आने वाले आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी फोकस
एसपी ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने सचिव और कलेक्टर से राज्योत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर चर्चा की। मुख्य प्रवेश और निकास मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही तथा कार्यक्रम स्थल पर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने आवश्यक पुलिस बल की तैनाती और ट्रैफिक व्यवस्था के बेहतर समन्वय पर भी चर्चा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएसआईडीसी एमडी विश्वेश झा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पर्यटन मंडल एमडी सौमिल रंजन चौबे, एडीएम उमाशंकर बंदे, एनआरडीए के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





