WhatsApp पर आई APK फाइल ने खाली किया कारोबारी का खाता, 4.15 लाख पार

रायपुर। रायपुर के खम्हारडीह इलाके में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। लाभांडी स्थित रहेजा रेजीडेंसी निवासी कारोबारी तनुज अग्रवाल (35) के मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए आई APK फाइल ऑटो डाउनलोड हो गई।
इसके बाद ठगों ने मोबाइल और बैंकिंग माध्यमों को निशाना बनाकर कुल 4 लाख 15 हजार 529 रुपए निकाल लिए। ठगी का पता चलने पर कारोबारी ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की। इसके बाद खम्हारडीह पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
12 सितंबर को आई थी APK फाइल
शिकायत के मुताबिक 12 सितंबर को तनुज के व्हाट्सऐप नंबर पर एक APK फाइल भेजी गई थी। मोबाइल में व्हाट्सऐप का ऑटो डाउनलोड फीचर चालू होने के कारण फाइल बिना किसी मैनुअल डाउनलोड के मोबाइल में सेव हो गई। इसके बाद उनके बैंकिंग माध्यमों से रकम निकलने लगी।
तनुज का मोबाइल नंबर बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड और यूनियन बैंक के करंट अकाउंट से लिंक था। ठगों ने दोनों बैंकिंग माध्यमों से रकम निकाली।
क्रेडिट कार्ड और UPI से निकाले रुपए
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड से 69,998.97 रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद यूनियन बैंक के करंट अकाउंट से यूपीआई के जरिए 3,45,530.95 रुपए ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 4,15,529.92 रुपए की ठगी हुई।
रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद कारोबारी ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की। 17 सितंबर को खम्हारडीह थाने में लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब APK फाइल भेजने वाले नंबर, रकम जिन खातों में गई उनकी जानकारी और ट्रांजैक्शन से जुड़े लोगों की जांच कर रही है। बैंकिंग रिकॉर्ड और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।





