ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अंबेडकर अस्पताल की 7 में 5 लिफ्ट बंद, मरीज परेशान

दो लिफ्टों पर रोज 2 हजार से ज्यादा ओपीडी मरीजों का दबाव, बुजुर्ग और दिव्यांगों को ज्यादा परेशानी

रायपुर। रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में मरीजों की आवाजाही की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अस्पताल में मरीजों और परिजनों के लिए लगी 7 लिफ्टों में से 5 फिलहाल बंद हैं। सिर्फ 2 लिफ्ट चालू होने के कारण इन पर मरीजों का भारी दबाव है। अस्पताल की ओपीडी में रोज 2 हजार से ज्यादा मरीज पहुंचते हैं। इसके अलावा भर्ती मरीज और उनके परिजनों को भी अलग-अलग मंजिलों तक आने-जाने के लिए लिफ्ट का सहारा लेना पड़ता है।

मौके की पड़ताल में आईसीयू की दोनों लिफ्ट बंद मिलीं। इसके अलावा ओपीडी, पीडियाट्रिक और ऑर्थो विभाग की एक-एक लिफ्ट भी चालू नहीं थी। इस तरह 7 में से 5 लिफ्ट बंद होने से मरीजों और परिजनों को सिर्फ दो लिफ्ट का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। दोनों चालू लिफ्टों के बाहर मरीजों की कतार भी देखी गई।

अस्पताल में मौजूद मरीजों और परिजनों के मुताबिक कुछ लिफ्ट लंबे समय से बंद हैं। कुछ की मरम्मत के बाद दोबारा खराब होने की शिकायत भी सामने आई है। इससे लिफ्टों के नियमित मेंटेनेंस पर सवाल उठ रहे हैं।

बंद लिफ्ट के सामने खड़े रहते हैं मरीज

बंद लिफ्टों के बाहर स्पष्ट सूचना या नोटिस नहीं होने से पहली बार अस्पताल आने वाले मरीज और परिजन भी असमंजस में रहते हैं। वे लिफ्ट का इंतजार करते हैं और काफी देर बाद उसके खराब होने की जानकारी मिलती है। इसके बाद उन्हें दूसरी लिफ्ट तलाशनी पड़ती है।

सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग, दिव्यांग और चलने में असमर्थ मरीजों को हो रही है। अस्पताल में गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर से अलग-अलग विभागों तक ले जाने में भी परेशानी की शिकायतें सामने आ रही हैं।

अस्पताल प्रबंधन बोला- चार नई लिफ्ट लगाएंगे

अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि कुछ लिफ्ट मरीजों की सुरक्षा के कारण बंद की गई हैं, जबकि कुछ काफी पुरानी हो चुकी हैं और उनकी मरम्मत संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अस्पताल में चार नई लिफ्ट लगाई जाएंगी।

Related Articles

Back to top button