ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, CM साय ने की भागीदारी की अपील

रायपुर। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ से पूरे उत्साह के साथ जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। अभियान को जनसेवा और जनभागीदारी का व्यापक उत्सव बनाने के लिए हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर देशभर में एक महीने तक यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने गांव, शहर और आसपास स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता तथा अन्य जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं से लाखों परिवारों के जीवन में बदलाव आया है। पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। विकास की उपलब्धियों के केंद्र में आम नागरिकों के पूरे होते सपने और बढ़ता आत्मविश्वास है।

17 सितंबर को शाम 7 बजे जलाएं ‘आशीर्वाद का दीया’

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पहल से आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी जोड़ा जाए। यह दीया प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाओं के साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बने।

साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए गांवों का विकास, शहरों की प्रगति और प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रदेशवासी सेवा कार्यों से जुड़कर अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं।

Related Articles

Back to top button