ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी रेल कनेक्टिविटी: 10,783 करोड़ की 3 मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को केंद्र की मंजूरी

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 10 हजार 783 करोड़ रुपए की लागत वाली तीन महत्वपूर्ण मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि बिलासपुर (उसलापुर)-पेंड्रा रोड तीसरी लाइन और कटनी-पेंड्रा रोड चौथी लाइन छत्तीसगढ़ के विकास के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी। यात्री ट्रेनों के संचालन में सुविधा होगी और माल परिवहन भी अधिक सुगम होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में आधुनिक रेल इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण को तेजी मिली है। मजबूत रेल नेटवर्क से छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास, व्यापार और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

656 किमी रेल नेटवर्क का होगा विस्तार

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खड़गपुर-झारसुगुड़ा (बागदेही) चौथी लाइन, कटनी-पेंड्रा रोड चौथी लाइन और बिलासपुर (उसलापुर)-पेंड्रा रोड तीसरी लाइन को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं को 2029-30 तक पूरा करने की योजना है। तीनों परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी। करीब 656 किलोमीटर रेल नेटवर्क बढ़ेगा और 4,790 गांवों की लगभग 56 लाख आबादी को लाभ मिलेगा।

माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी

नई रेल लाइनों से कोयला, सीमेंट, लोहा और इस्पात जैसी वस्तुओं की ढुलाई आसान होगी। अनुमान है कि तीनों परियोजनाओं से हर साल करीब 27 मिलियन टन अतिरिक्त माल ढुलाई क्षमता विकसित होगी। इससे उद्योगों को बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधा मिलेगी और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

परियोजनाओं से अचानकमार टाइगर रिजर्व, मल्हार, रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर और खुटाघाट जैसे पर्यटन व धार्मिक स्थलों तक पहुंच भी बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।

Related Articles

Back to top button