17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान: नुक्कड़ नाटक और सोशल मीडिया से दिखेगी छत्तीसगढ़ के विकास की तस्वीर

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा।
अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नया रायपुर स्थित अपने आवास कार्यालय में विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि जनसेवा, जनभागीदारी और विकास के प्रति नागरिकों के विश्वास को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने गतिविधियों को रचनात्मक और जनोन्मुखी बनाने पर जोर दिया, ताकि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।
नुक्कड़ नाटकों में दिखेगी बदलाव की कहानी
संस्कृति विभाग की ओर से स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक केंद्रों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनसे लोगों के जीवन में आए बदलावों को स्थानीय भाषा, लोककला, संगीत और संवादों के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
इन प्रस्तुतियों में योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों की जीवन परिवर्तन की कहानियों को भी शामिल किया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों के कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने का प्रयास होगा।
सोशल मीडिया पर दिखेगा बदलता छत्तीसगढ़
पर्यटन विभाग देश और प्रदेश के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, सुविधाओं, अधोसंरचना और विकास कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रचारित करेगा। इससे प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं और विकास की तस्वीर को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने की योजना है।
एक महीने में कई गतिविधियां होंगी
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सरकार आपके द्वार’ जैसी गतिविधियां होंगी।
इनके जरिए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा। बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।





