ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बाल विवाह के खिलाफ छत्तीसगढ़ की मुहिम को वैश्विक ताकत, UN ने 27 नवंबर को घोषित किया अंतरराष्ट्रीय दिवस

रायपुर। बाल विवाह के खिलाफ छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे जागरूकता और रोकथाम के अभियान को संयुक्त राष्ट्र के एक अहम फैसले से नई ताकत मिली है। संयुक्त राष्ट्र ने 27 नवंबर को ‘बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित किया है। इससे बाल विवाह के खिलाफ राज्य में चल रहे प्रयासों को वैश्विक समर्थन मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों को प्राथमिकता देते हुए बाल विवाह रोकने पर काम कर रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में विभाग की ओर से जिलों और मैदानी क्षेत्रों में जागरूकता, निगरानी और रोकथाम की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

33 जिलों में 8,414 बाल विवाह रुकवाए

राज्य में शासन, प्रशासन, पुलिस, पंचायत, स्कूल और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयासों का असर भी दिखाई दे रहा है। NFHS-5 (2019-21) में छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से कम उम्र में विवाह करने वाली लड़कियों का प्रतिशत 12.1% था, जो NFHS-6 (2023-24) में घटकर 10.1% रह गया।

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) और सहयोगी संगठनों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में राज्य के 33 जिलों में 8 सहयोगी संगठनों के साथ 8,414 बाल विवाह रुकवाए गए हैं।

27 नवंबर को और मजबूत होगा संकल्प

संयुक्त राष्ट्र महासभा में सिएरा लियोन ने भारत समेत 67 देशों के समर्थन से प्रस्ताव पेश किया, जिसे 4 सितंबर को मंजूरी मिली। खास बात यह है कि 27 नवंबर 2024 को भारत में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान शुरू हुआ था। उस दौरान 25 करोड़ से ज्यादा लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली थी।

अब अंतरराष्ट्रीय दिवस की घोषणा से छत्तीसगढ़ समेत देश में बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता और सामूहिक प्रयासों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button