ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से अन्नू को मिला मातृत्व का सहारा: गर्भावस्था से प्रसव बाद तक आर्थिक मदद, पोषण और स्वास्थ्य पर दे पाईं ध्यान

अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि से महिलाएं गर्भावस्था और प्रसव के बाद अपने पोषण व स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख पा रही हैं। अम्बिकापुर की रहने वाली अन्नू तिवारी भी योजना का लाभ लेकर अपने मातृत्व काल को बेहतर तरीके से पूरा कर रही हैं।

अन्नू ने बताया कि पहली बार गर्भवती होने पर उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन में उन्होंने जरूरी प्रपत्र पूरे किए और योजना के लिए आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें चरणबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता मिली।

अन्नू के मुताबिक, योजना के तहत उन्हें पहले एक हजार रुपए, इसके बाद दो हजार रुपए की सहायता राशि प्राप्त हुई। प्रसव के बाद शिशु को निर्धारित तीन टीके लगने पर उन्हें फिर दो हजार रुपए मिले। इस तरह प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने गर्भावस्था और प्रसव के बाद खान-पान तथा पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में किया।

पोषण और स्वास्थ्य पर दे पाईं ज्यादा ध्यान

अन्नू ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक भोजन और स्वास्थ्य देखभाल बेहद जरूरी होती है। योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने खान-पान और स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान देने में मदद की। प्रसव के बाद भी राशि का उपयोग शिशु के पोषण और देखभाल से जुड़ी जरूरतों में किया गया।

उन्होंने कहा कि परिवार की आमदनी के बीच मातृत्व के दौरान होने वाले अतिरिक्त खर्चों को पूरा करना कई बार चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे समय में सरकार से मिलने वाली आर्थिक सहायता परिवार के लिए अतिरिक्त संबल बनी। वर्तमान में अन्नू और उनका शिशु दोनों स्वस्थ हैं।

बोलीं- मातृत्व के दौरान मिला आर्थिक संबल

अन्नू तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना महिलाओं के लिए उपयोगी पहल है। मातृत्व के महत्वपूर्ण दौर में मिलने वाली सहायता से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य और बच्चे के पोषण पर बेहतर ध्यान देने में मदद मिलती है।

उन्होंने अन्य पात्र महिलाओं से भी योजना का लाभ लेने और गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य जांच और शिशु की देखभाल को प्राथमिकता देने की अपील की। अन्नू ने कहा कि योजना से मिली आर्थिक मदद ने उनके मातृत्व के अनुभव को अधिक सुरक्षित और सहज बनाने में सहयोग किया।

Related Articles

Back to top button