बहनों ने मुख्यमंत्री साय को बांधी राखी, बोले- आपका विश्वास बनाए रखना मेरा दायित्व

जशपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का भावुक दृश्य देखने को मिला। ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे तो क्षेत्र की बहनों ने उत्साह से उनका स्वागत किया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों से आत्मीय संवाद कर उनकी बातें सुनीं और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राखी केवल स्नेह का धागा नहीं, बल्कि सम्मान, विश्वास और सुरक्षा की जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “आपने जो स्नेह और विश्वास दिया है, उसे बनाए रखना मेरा दायित्व है।” माताओं-बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण को परिवार और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूती से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

केरसई को मिली विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने घासीमुंडा में नया प्राथमिक शाला भवन, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण, मिनी स्टेडियम, केरसई और घासीमुंडा के बजरंगबली मंदिरों का जीर्णोद्धार समेत कई विकास कार्यों की घोषणा की। इसके अलावा सीसी सड़क, सामुदायिक भवन और ऊपरकछार में महतारी सदन बनाने की भी घोषणा की गई। केरसई में करीब 84.69 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महतारी वंदन योजना से करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं परिवार के साथ गांव की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही हैं। जशपुर की बहनों को 50 ई-रिक्शा मिलने से स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
किसान और गरीब परिवारों के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का काम जारी है। श्री रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनाओं से लोगों को धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से दूरस्थ क्षेत्रों में विकास को गति मिली है। बिजली, पानी, सड़क, राशन और संचार जैसी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी और बिजली बिल राहत व पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ दिया गया। सरस्वती स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया। विधायक गोमती साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





