StateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में आज बारिश का अलर्ट: कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, बलरामपुर में बांध टूटने से धान की फसल को नुकसान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे रहा है। अगले 24 घंटे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, बलरामपुर के तेतरडीह में मंगलवार दोपहर कृषि विभाग का बांध टूट गया। बांध का पानी आसपास के खेतों में भर गया, जिससे धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय स्तर पर पानी की निकासी और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश

राजधानी रायपुर में 27 अगस्त को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इससे पहले माना इलाके समेत शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया था।

दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में बुधवार को दुर्ग सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 2% कम हुई है। कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button