रायपुर की सरकारी राशन दुकान से 16 लाख का गबन, 778 बोरी चावल कम मिला; दुकानदार गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान से करीब 16 लाख रुपए के सरकारी राशन के गबन का मामला सामने आया है।
जोरा वार्ड क्रमांक 51 स्थित राशन दुकान आईडी 442001026 में खाद्य विभाग की जांच के दौरान चावल के स्टॉक में बड़ी गड़बड़ी मिली। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने दुकान संचालक टोपेश्वर साहू (27) के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
250 राशन कार्ड की एंट्री, हितग्राहियों को राशन नहीं मिला
खाद्य विभाग ने 29 अक्टूबर 2025 को दुकान का निरीक्षण किया था। इस दौरान हितग्राहियों ने शिकायत की कि उन्हें अक्टूबर का पीडीएस चावल और शक्कर नहीं मिला। जांच में दुकान के अंदर करीब 265 राशन कार्ड रखे मिले।
आरोप है कि हितग्राहियों से राशन कार्ड जमा कराकर ई-पॉस मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया, लेकिन राशन और राशन कार्ड वापस नहीं किए गए।
जांच में करीब 250 राशन कार्ड की एंट्री ई-पॉस मशीन में मिली, जबकि संबंधित हितग्राहियों को चावल नहीं दिया गया था। इससे 81.07 क्विंटल चावल के गबन का मामला सामने आया।
दोबारा जांच में 389 क्विंटल चावल कम
जांच के दौरान ई-पॉस रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। प्रारंभिक जांच में 333.97 क्विंटल चावल की कमी मिली। रिकॉर्ड के अनुसार 12 से 15 अक्टूबर के बीच दुकान में 232.90 क्विंटल चावल पहुंचा था, लेकिन इसकी विधिवत पावती नहीं ली गई थी। दुकान में स्टॉक रजिस्टर और जरूरी सूचना बोर्ड भी नहीं मिले।
कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 4 नवंबर 2025 को दुकानदार को निलंबित कर दुकान दूसरी संस्था से संबद्ध कर दी गई। 7 नवंबर को दुकान हस्तांतरण के लिए दोबारा भौतिक सत्यापन किया गया। इसमें चावल की कमी बढ़कर 389.24 क्विंटल यानी 778.48 बोरी मिली।
जांच के मुताबिक, सरकारी राशन के गबन और धोखाधड़ी से करीब 15.91 लाख रुपए की वित्तीय हानि हुई। शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्य मिलने के बाद टोपेश्वर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की विवेचना जारी है।





