ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर समेत 4 शहरों में दौड़ेंगी 240 ई-बसें, महिलाओं के लिए बनेगा स्पेशल रूट प्लान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चार बड़े शहरों में जल्द ही आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने की तैयारी है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा नगर निगम क्षेत्रों में कुल 240 ई-बसें चलाने की योजना है। खास बात यह है कि महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष रूट और संचालन व्यवस्था तैयार की जा रही है।

योजना की तैयारियों को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधिकारियों और विभागीय अफसरों के साथ बैठक की। इसमें ई-बस सेवा के संचालन, रूट प्लानिंग, बस स्टॉप, डिपो और चार्जिंग व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

महिलाओं के लिए विशेष रूट

ई-बसों के रूट तय करते समय महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की तैयारी है। ऐसे प्रमुख स्थानों को रूट में शामिल किया जाएगा, जहां महिलाओं और आम यात्रियों की आवाजाही अधिक रहती है। इनमें शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, प्रमुख बाजार और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान शामिल किए जा सकते हैं।

चार्जिंग स्टेशन और कमांड सेंटर

ई-बसों के सुचारू संचालन के लिए शहरों में आवश्यक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही बसों की निगरानी और संचालन को बेहतर बनाने के लिए कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम तैयार किया जाएगा। डिपो और बस स्टॉप की व्यवस्था भी योजना का अहम हिस्सा होगी।

प्रदूषण घटाने में मिलेगी मदद

240 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ प्रदूषण और ईंधन पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। चारों नगर निगमों को केंद्र सरकार की ओर से योजना के तहत इन बसों की स्वीकृति मिल चुकी है। अब रूट, इंफ्रास्ट्रक्चर और संचालन संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button