StateNewsदेश - विदेश

महाराष्ट्र हादसे में मां-बेटे और पिता की मौत, iPhone विवाद की कहानी पर मौसी ने उठाए सवाल

महाराष्ट्र। महाराष्ट्र में पहाड़ से वाहन गिरने की घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। शुरुआती जानकारी में दावा किया गया था कि बेटे कुणाल ने iPhone को लेकर आत्महत्या की थी। हालांकि, कुणाल की मौसी पल्लवी ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि घटना का मोबाइल फोन से कोई संबंध नहीं था और लोगों को बिना पूरी जानकारी के अफवाह नहीं फैलानी चाहिए।

पैरेंट्स को साथ देखना चाहता था कुणाल

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार से जुड़े लोगों ने बताया कि कुणाल चाहता था कि उसके माता-पिता साथ रहें। हालांकि, दोनों के बीच तलाक हुआ था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, DCP पंकज अतुलकर के मुताबिक, परिवार में पिछले दो-तीन महीने से विवाद चल रहा था। इसके चलते घर में तनाव का माहौल बना हुआ था।

हादसे से एक दिन पहले मां ने किया था वीडियो पोस्ट

हादसे में जान गंवाने वाली कुणाल की मां संगीता चांदगुडे सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं। उनके यूट्यूब चैनल पर 29 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे। वह बेटे के साथ छोटे-छोटे व्लॉग भी पोस्ट करती थीं। हादसे से एक दिन पहले 21 अगस्त को उन्होंने रिश्तों और प्यार की अहमियत को लेकर एक वीडियो शेयर किया था।

इस वीडियो में उन्होंने कहा था कि जो व्यक्ति प्यार को महत्व नहीं देता, उसके लिए कुछ भी करने का कोई मतलब नहीं है। अब इस वीडियो को परिवार के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

परिवार के सदस्यों के दावे अलग-अलग

संगीता के मायके वालों का दावा है कि मुरलीधर और संगीता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इनमें संपत्ति से जुड़े विवाद भी शामिल थे और कुणाल दोनों के बीच सुलह चाहता था।

वहीं, मुरलीधर की बहन शोभा राजेंद्र मस्के ने अलग जानकारी दी। उनके मुताबिक, दोनों ने करीब 22 साल पहले लव मैरिज की थी। परिवार इस शादी के खिलाफ था और संगीता को ससुराल पक्ष ने कभी स्वीकार नहीं किया। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button