ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

NICU में आग, 3 नवजातों की मौत: तीसरी मंजिल पर हादसा; 39 बच्चे भर्ती थे, वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग की आशंका

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे आग लगने से तीन नवजातों की मौत हो गई। हादसा अस्पताल की तीसरी मंजिल पर हुआ। आग लगते ही NICU में धुआं भर गया। उस समय यूनिट में कुल 39 नवजात भर्ती थे। डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अमरावती के पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के मुताबिक, NICU में तीन कंपार्टमेंट बनाए गए थे। इनमें से एक कंपार्टमेंट में 9 नवजात भर्ती थे। आग की चपेट में आने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि बाकी छह नवजातों को तत्काल दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। इन बच्चों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में NICU में लगे वेंटिलेटर के अंदर धमाके के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है। आग की वजह से यूनिट में रखे कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान जल गए। कुछ उपकरणों में आग के बाद ब्लास्ट के निशान भी दिखाई दिए हैं। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आग लगने के कारणों और हादसे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच शुरू कर दी है।

दो दिन पहले छिंदवाड़ा में भी NICU में लगी थी आग

इससे दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगी थी। शनिवार देर रात करीब 2 बजे वार्मर मशीन के फिलामेंट से निकली चिंगारी के बाद आग भड़की थी। हादसे में तीन नवजात झुलस गए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया था, जहां एक नवजात की इलाज के दौरान मौत हो गई। लगातार दो घटनाओं ने अस्पतालों के NICU में आग से सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button