StateNewsदेश - विदेश

देश में फिर बदला मौसम: यूपी के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात, वाराणसी के घाट डूबे; MP में तेज बारिश

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून फिर जोर पकड़ रहा है। उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण गंगा और घाघरा समेत 6 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से सभी 84 घाट डूब गए हैं। मणिकर्णिका घाट की छत पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है, जबकि दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती भी छत पर कराई जा रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वाराणसी में नावों के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है।

लखनऊ, बाराबंकी समेत यूपी के 5 शहरों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। प्रयागराज के कई खेतों में बाढ़ का पानी भर गया है और लोगों को आवाजाही के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।

दिल्ली में अगस्त की सामान्य बारिश का आंकड़ा पार

दिल्ली में शुक्रवार रात से रुक-रुककर बारिश जारी है। सफदरजंग मौसम केंद्र में 1 से 21 अगस्त के बीच 235.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि पूरे अगस्त की सामान्य बारिश 233.1 मिमी है। मौसम विभाग के अनुसार वीकेंड पर भी बारिश जारी रह सकती है।

राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून

राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। शुक्रवार को 15 जिलों में बारिश का अलर्ट था, लेकिन 11 जिलों में तेज धूप रही। श्रीगंगानगर में 39.9 डिग्री और चूरू में 39 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। हालांकि शनिवार को पूर्वी राजस्थान के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।

MP में 3 सिस्टम एक्टिव

मध्य प्रदेश में तीन मानसूनी सिस्टम सक्रिय हैं। रीवा-सीधी के पास लो प्रेशर एरिया, मानसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। शनिवार को 16 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भी भारी बारिश हो सकती है।

Related Articles

Back to top button