StateNewsदेश - विदेश

राहुल गांधी के छात्र कार्यक्रम से पहले NSUI-ABVP कार्यकर्ताओं में झड़प, 6 नामजद समेत 50-60 पर केस

पुणे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले पुणे स्थित COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में शुक्रवार रात NSUI और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच झड़प की सूचना के बाद हॉस्टल परिसर में पुलिस तैनात कर दी गई है।

विवाद को लेकर दोनों छात्र संगठनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। ABVP का आरोप है कि कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता हॉस्टल में छात्राओं पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव बना रहे थे। वहीं, NSUI ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के समर्थन में बोलने वाली दो छात्राओं को ABVP सदस्यों ने हॉस्टल में रोककर धमकाया।

पुलिस ने ABVP से जुड़े एक छात्र के साथ मारपीट के मामले में 6 नामजद लोगों के अलावा करीब 50 से 60 NSUI और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

राहुल आज छात्रों से करेंगे संवाद

राहुल गांधी शनिवार को पुणे में छात्रों से संवाद करेंगे। यह उनके ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की कड़ी का अगला चरण है। इससे पहले उन्होंने 17 जून को कोटा, 17 जुलाई को देहरादून और 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों के साथ संवाद किया था।

इन कार्यक्रमों में राहुल गांधी ने देश की शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर छात्रों से चर्चा की थी। उनका कहना रहा है कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को सीधे समझने और उनकी समस्याओं को सामने लाने के लिए छात्रों के साथ संवाद जरूरी है।

पुणे में कार्यक्रम से ठीक पहले हुई झड़प के बाद यूनिवर्सिटी हॉस्टल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस दोनों संगठनों के आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button