नेशनल टीचर्स अवॉर्ड 2026 का ऐलान: 27 राज्यों और 7 UT से 48 शिक्षक चुने गए; 5 सितंबर को राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी सम्मानित

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को नेशनल टीचर्स अवॉर्ड 2026 के लिए देशभर से 48 शिक्षकों का चयन किया है।
इनमें केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, आदर्श जनजातीय स्कूल और पीएम श्री स्कूलों समेत विभिन्न संस्थानों में सेवाएं दे रहे शिक्षक शामिल हैं। चयनित 48 शिक्षकों में 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक हैं।
इस बार उत्तर प्रदेश से 3, जबकि बिहार और मध्य प्रदेश से 2-2 शिक्षकों का चयन हुआ है। कुल 27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों से शिक्षक राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुने गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर चयनित शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान करेंगी।
तीन चरणों में हुआ चयन
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन प्रक्रिया जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों में पूरी की गई। इसका उद्देश्य उन शिक्षकों को पहचान देना है, जिन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ छात्रों के सीखने और व्यक्तित्व विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
पुरस्कार के लिए ऐसे शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाती है, जिन्होंने पढ़ाने के नए और प्रभावी तरीकों को अपनाया हो, छात्रों के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो और अपने काम से अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का उदाहरण पेश किया हो।
1958 में शुरू हुआ था पुरस्कार
नेशनल टीचर्स अवॉर्ड की शुरुआत 1958 में हुई थी। इसका उद्देश्य देश के उत्कृष्ट और समर्पित शिक्षकों के योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करना और शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों को पहचान देना है।
पुरस्कार विजेताओं से PM की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों से मुलाकात करते रहे हैं। 2024 में 82 शिक्षकों को यह सम्मान मिला था।
वहीं 2025 में 45 शिक्षक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हुए थे। पिछले साल शिक्षक दिवस से पहले PM मोदी ने पुरस्कार विजेताओं से बातचीत की और शिक्षा, नई शिक्षा नीति, GST सुधार, ऑनलाइन गेमिंग कानून और आत्मनिर्भर भारत जैसे मुद्दों पर चर्चा की थी।





