राजस्थान-दिल्ली समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट: 25 शहरों में बरसे बादल, स्कूल बंद; गंगा एक्सप्रेस-वे की सड़क धंसी

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन आगे बढ़ रहा है, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, प्रतापगढ़, वाराणसी और सहारनपुर समेत 25 शहरों में मंगलवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में सड़कों, अस्पतालों और सरकारी भवनों में पानी भर गया है। जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्नाव और कानपुर में 500 से अधिक घरों में पानी घुस गया है, जबकि प्रतापगढ़ के एक थाने में भी जलभराव की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, कौशांबी, भदोही, हरदोई, अमेठी और जौनपुर समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।
उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे की मेरठ-प्रयागराज लेन का करीब 10 मीटर हिस्सा धंस गया है। वहीं, वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 100 से ज्यादा छोटे मंदिरों में पानी घुस गया है। दशाश्वमेध घाट स्थित ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर का आधा हिस्सा पानी में डूब गया है।
उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते गंगा, सरयू और गोमती समेत आठ नदियां चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही हैं। भूस्खलन के कारण 91 सड़कें बंद हो गई हैं। ऋषिकेश में बीन नदी में एक वाहन पलट गया, जिसमें फंसे दो लोगों को एसडीआरएफ ने सुरक्षित बाहर निकाला।
मध्य प्रदेश के 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बिहार के 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 अगस्त तक कई राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।





