ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CGPSC ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों का किया खंडन: रिजल्ट में वही नाम प्रकाशित, जो अभ्यर्थियों ने आवेदन में भरे थे

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार, उप-निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक दावों का खंडन किया है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि 4 अगस्त 2026 को घोषित परिणाम पूरी तरह निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप जारी किए गए हैं और इसमें अभ्यर्थियों के वही नाम प्रदर्शित किए गए हैं, जो उन्होंने स्वयं ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज कर अंतिम रूप से सबमिट किए थे।

हाल के दिनों में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर रील्स और शॉर्ट वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। इनमें नामों का मजाक उड़ाने के साथ परीक्षा परिणाम की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इस पर आयोग ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि ऐसे दावे पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक हैं।

आयोग के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन में दर्ज नामों के आधार पर ही अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) जारी किए गए थे। इसी नाम से दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षण (PST) और प्रारंभिक लिखित परीक्षा की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।

इसलिए परिणाम में भी वही नाम प्रकाशित किए गए हैं, जो अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय उपलब्ध कराए थे।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अवर सचिव ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें।

परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत सूचना को ही प्रमाणिक मानें।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार संचालित की जा रही है। सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहें केवल भ्रम की स्थिति पैदा करती हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की जानकारी के लिए अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button