StateNewsदेश - विदेश

राजस्थान-MP, दिल्ली में फिर बढ़ी गर्मी;बिहार-ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से उत्तर भारत में एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ गई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है।

दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आगरा में पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया। मध्य प्रदेश में भी जुलाई के महीने में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है और अब तक सामान्य से 7% कम बारिश हुई है।

दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अरुणाचल प्रदेश के चार जिलों में बाढ़, भूस्खलन और भारी बारिश से 1,02,917 लोग प्रभावित हुए हैं।

राज्य में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है और 29 लोग घायल हुए हैं। वहीं असम के छह जिलों में बाढ़ का पानी फैलने से 37,032 लोग प्रभावित हैं। सबसे अधिक असर लखीमपुर जिले में देखा गया है। दोनों राज्यों को मिलाकर बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या 1.40 लाख के करीब पहुंच गई है।

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण ओडिशा और बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पुरी में जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान बुधवार से शुक्रवार तक तेज बारिश होने की संभावना है। बिहार के किशनगंज, अररिया और पश्चिम चंपारण में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में श्रीगंगानगर का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है, हालांकि 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश में पहाड़ी क्षेत्रों की बारिश के कारण गंगा और यमुना समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रयागराज और वृंदावन के घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में पूर्वी भारत में भारी बारिश, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी और उमस का दौर जारी रह सकता है।

Related Articles

Back to top button