ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘एक पेड़ मां के नाम’ से बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश: नो बैग डे पर श्रमदान, पोषण वाटिका में लगाए फलदार पौधे और सब्जियों के बीज

सूरजपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत मनाए जाने वाले नो बैग डे पर सूरजपुर जिले के बस्तामुक्त विद्यालय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में शनिवार को पोषण वाटिका निर्माण और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल का संदेश दिया।

नो बैग डे का उद्देश्य बच्चों पर पढ़ाई का बोझ और मानसिक तनाव कम करना है। इस दिन विद्यार्थियों को किताबों से अलग खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाता है। इसी क्रम में स्कूल में यूथ एवं इको क्लब की अगुवाई में विद्यार्थियों ने पोषण वाटिका की सफाई की और खरपतवार हटाकर पौधों की देखभाल की।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शासकीय उद्यान दतिमा से पौधे लाकर स्कूल परिसर में रोपे गए। विद्यार्थियों ने नीम, पीपल, आम, पपीता, मुनगा और केला समेत कई फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। इसके अलावा पोषण वाटिका में बरबटी, लौकी और करेला के बीज भी बोए गए।

बच्चों के पोषण का जरिया बनी वाटिका

स्कूल के संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी ने बताया कि परिसर में पहले से आम, जामुन, कटहल, अमरूद, पपीता, केला और अनानास के पेड़ हैं। इनसे मिलने वाले फल विद्यार्थियों के पोषण में भी योगदान देते हैं।

यूथ एवं इको क्लब की प्रभारी एम. टोप्पो के नेतृत्व में क्लब अध्यक्ष वर्षा राजवाड़े सहित छात्र-छात्राओं ने श्रमदान किया। शिक्षक रिजवान अंसारी, सुमित्रा राजवाड़े, नान दईया और बाल कैबिनेट के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

Related Articles

Back to top button