ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

धमतरी में मेडिकल एजेंसी पर EOW-ACB की रेड: स्वास्थ्य विभाग के पुराने भुगतान मामले में 5 घंटे जांच, दस्तावेज जब्त

धमतरी। धमतरी शहर के बस स्टैंड स्थित अनिल मेडिकल एजेंसी पर शुक्रवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की।

दो वाहनों में पहुंची जांच टीम ने करीब पांच घंटे तक एजेंसी में दस्तावेजों की गहन जांच की और कई महत्वपूर्ण फाइलें जब्त कर अपने साथ ले गई। कार्रवाई के दौरान एजेंसी परिसर में लोगों की भीड़ लगी रही।

जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई स्वास्थ्य संचालनालय से जुड़े एक पुराने भुगतान मामले की जांच के सिलसिले में की गई।

जांच अधिकारियों ने एजेंसी के रिकॉर्ड, बिल, भुगतान से संबंधित दस्तावेज और अन्य अभिलेखों की पड़ताल की। जांच पूरी होने के बाद टीम आवश्यक दस्तावेजों को अपने साथ ले गई, जिनका अब विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार मामला वर्ष 2004 में स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की ओर से लोक कला जत्थों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए किए गए भुगतान से जुड़ा है।

इन भुगतानों में कथित अनियमितताओं के आरोप लगे थे। यह मुद्दा वर्ष 2008 के विधानसभा बजट सत्र में भी उठाया गया था, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई थी।

EOW-ACB की टीम ने एजेंसी में मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ की और आवश्यक जानकारी जुटाई। हालांकि जांच के दौरान किसी प्रकार की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच टीम के सदस्य अनिल ठाकुर ने बताया कि स्वास्थ्य संचालनालय से जुड़े पुराने मामले की जांच के तहत धमतरी में कार्रवाई की गई है। आवश्यक दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं और उनकी जांच जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button