StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

शेयर बाजार में गिरावट: सेंसेक्स 200 अंक टूटा, 77,500 पर कारोबार; बैंकिंग और IT शेयरों में बिकवाली

निफ्टी भी 50 अंक फिसला, SBI फंड्स मैनेजमेंट का शेयर 7% प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को कमजोरी का रुख देखने को मिला।

कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 200 अंक गिरकर 77,500 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया, जबकि निफ्टी करीब 50 अंक टूटकर 24,200 के आसपास पहुंच गया।

बाजार में सबसे ज्यादा दबाव बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयरों पर रहा, जिससे प्रमुख सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि कमजोर बाजार के बीच SBI फंड्स मैनेजमेंट के शेयरों की शानदार लिस्टिंग हुई।

कंपनी का शेयर 574 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले एनएसई पर 613.30 रुपये पर खुला, जो करीब 6.85 फीसदी प्रीमियम है।

वहीं बीएसई पर यह 610 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो इश्यू प्राइस से 6.27 फीसदी अधिक है।

एशियाई बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला कारोबार देखने को मिला।

जापान का निक्केई 1.74 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.31 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

वहीं हांगकांग का हैंगसेंग हल्की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा।

इससे पहले सोमवार को अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी रही थी।

डाउ जोंस 307 अंक, एसएंडपी 500 में 14 अंक और नैस्डैक मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था।

वैश्विक बाजारों के कमजोर संकेतों का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिला।

विदेशी और घरेलू निवेशकों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले सात कारोबारी दिनों में घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 6,021 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की है।

वहीं विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने इसी अवधि में 6,439 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं।

गौरतलब है कि सोमवार को भी बाजार दबाव में रहा था।

उस दिन सेंसेक्स 443 अंक की गिरावट के साथ 77,709 पर और निफ्टी 96 अंक टूटकर 24,239 के स्तर पर बंद हुआ था।

विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के चलते बाजार में फिलहाल उतार-चढ़ाव का दौर जारी रह सकता है।

Related Articles

Back to top button