ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 1 टिप्पर और 3 ट्रैक्टर जब्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक टिप्पर और तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। सभी वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिले में लगातार निगरानी और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान सिलपहरी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं, सधवानी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर और भदौरा क्षेत्र में मिट्टी-मुरूम का अवैध परिवहन करते एक टिप्पर जब्त किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार अर्थदंड और समझौता राशि संबंधित खनिज मद में जमा करने के बाद ही जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश सरकार का कहना है कि खनिज संपदा का संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना और शासकीय राजस्व की सुरक्षा उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से जिलों में नियमित निगरानी, औचक जांच और त्वरित कार्रवाई की जा रही है, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनिज उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। इससे प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ-साथ वैध खनिज कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button