टीटीएफ कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन को राष्ट्रीय सम्मान, ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ अवॉर्ड मिला

रायपुर। ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने अपनी आकर्षक और नवाचारी प्रस्तुति से राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
देश के 21 राज्यों की भागीदारी वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में छत्तीसगढ़ के पवेलियन को “बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस” सम्मान से नवाजा गया। यह पुरस्कार राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक धरोहरों और आधुनिक पर्यटन दृष्टिकोण के प्रभावी प्रदर्शन का प्रमाण माना जा रहा है।
10 से 12 जुलाई तक विश्व बंगला प्रांगण, कोलकाता में आयोजित इस तीन दिवसीय मेले में छत्तीसगढ़ का पवेलियन पर्यटकों, टूर ऑपरेटर्स, निवेशकों और पर्यटन विशेषज्ञों के आकर्षण का केंद्र रहा।
यहां बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव तथा इको-टूरिज्म और धार्मिक पर्यटन स्थलों को आधुनिक तकनीक के साथ प्रदर्शित किया गया।
आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन और प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, होटल समूहों और निवेशकों के साथ कई महत्वपूर्ण बी-टू-बी बैठकें कीं।
इनमें पर्यटन निवेश, संयुक्त पर्यटन पैकेज, विपणन सहयोग और नए पर्यटन बाजारों तक पहुंच जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इससे राज्य में पर्यटन क्षेत्र के विस्तार और निवेश की नई संभावनाओं को बल मिला।
मेले में राज्य सहित अन्य क्षेत्रों के 28 से अधिक टूर ऑपरेटर्स, होटल संचालकों और पर्यटन उद्यमियों ने भी भाग लिया। उद्घाटन अवसर पर विभिन्न राज्यों के पर्यटन मंत्रियों और थाईलैंड की महावाणिज्य दूत ने भी छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन कर इसकी सराहना की।
पर्यटन बोर्ड के अनुसार यह सम्मान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर मिली मजबूत पहचान का प्रतीक है। इससे राज्य में पर्यटन निवेश बढ़ने, नए रोजगार सृजित होने और देश-विदेश से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने की दिशा में नई गति मिलेगी।





