छत्तीसगढ़ की इकलौती छात्रा रागनी साहू का कमाल, इंटरनेशनल मून मिशन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयन

रायपुर। महासमुंद जिले की बेटी रागनी साहू ने छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रागनी का चयन अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन ‘शक्तिसैट’ (ShaktiSat) के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है।
खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित मिशन के लिए पूरे छत्तीसगढ़ से चयनित होने वाली वह इकलौती छात्रा हैं।
देशभर से कड़ी चयन प्रक्रिया और इंटरव्यू के बाद केवल 20 राष्ट्रीय फाइनलिस्ट चुने गए हैं, जिनमें रागनी ने अपनी जगह बनाई।
उन्होंने वर्ष 2025 में स्कूल की अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से इस मिशन के लिए पंजीयन कराया था।
चयन प्रक्रिया के दौरान रागनी ने करीब 120 घंटे का ऑनलाइन प्रशिक्षण, 21 विस्तृत मॉड्यूल और अंतरिक्ष विज्ञान, सैटेलाइट, नवाचार व इंजीनियरिंग से जुड़े 550 से अधिक पाठ सफलतापूर्वक पूरे किए।
‘मिशन शक्तिसैट’ में भारत सहित 108 देशों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस परियोजना के तहत दो चंद्र उपग्रह विकसित किए जाएंगे। इनमें एक उपग्रह चंद्रमा की कक्षा में स्थापित होकर परिक्रमा करेगा, जबकि दूसरा रोवर चंद्रमा की सतह पर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा।
विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए इन उपग्रहों का प्रक्षेपण 11 अक्टूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो द्वारा किया जाएगा।
इससे पहले रागनी 22 से 31 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी, जहां उन्हें इसरो, IN-SPACe के वैज्ञानिकों और भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सहित अंतरिक्ष विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिलेगा।
अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग से जुड़े इस मिशन में मिली सफलता पर महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन ने रागनी को बधाई देते हुए इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया है।





