ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बगनई नदी में फंसे 14 मजदूरों का रेस्क्यू: रायपुर में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार रात रायपुर समेत कई जिलों में हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया।

राजधानी में महज आधे घंटे में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं गरियाबंद जिले की बगनई नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच नदी में फंसे 14 मजदूरों का प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।

रायपुर में टाटीबंध, डीडी नगर, रोहिणीपुरम, मंडी गेट, भाजपा कार्यालय के आसपास और अनुपम गार्डन सहित कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया।

फाफाडीह अंडरब्रिज में एक ट्रक फंस गया, जबकि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शेड से पानी झरने की तरह बहता रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नया रायपुर स्थित विधानसभा भवन के सामने भी जलभराव देखने को मिला।

प्रदेश के दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़, जगदलपुर और अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय है और अगले दो दिनों तक मध्य एवं दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

साथ ही 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 140 मिमी बारिश बाड़े बचेली में दर्ज की गई। ओरछा और चांपा में 70-70 मिमी तथा कोंटा, भैरमगढ़, थानखम्हरिया और बरमकेला में 60-60 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण नहीं लेने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। प्रशासन भी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button