ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री की सख्ती का असर: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर जब्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे तीन जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर की गई।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने देवराजपारा-सधवानी, बंधी-बचरवार और सिलपहरी क्षेत्रों में छापेमारी की। जांच के दौरान देवराजपारा-सधवानी से दो जेसीबी, बंधी-बचरवार से एक जेसीबी तथा सिलपहरी क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन में लगे तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए। सभी वाहनों को पुलिस लाइन अमरपुर में सुरक्षित रखा गया है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार सधवानी के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और कलेक्टर के समक्ष अवैध मुरूम व मिट्टी उत्खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही कलेक्टर ने तत्काल जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जिला प्रशासन का कहना है कि जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई से शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को नियमित निगरानी और शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो और शासन को राजस्व की हानि न हो।

खनिज विभाग के अनुसार जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार अर्थदंड और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button