प्रदेश के आधे हिस्से तक पहुंचा मानसून, 24 घंटे में पूरे राज्य को करेगा कवर

रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ में अपनी रफ्तार तेज कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून प्रदेश के मध्य और दक्षिणी जिलों तक पहुंच चुका है, जबकि उत्तर और उत्तर-पश्चिम के शेष हिस्सों को अगले 24 घंटों में कवर कर लेने की संभावना है। इसके साथ ही विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई जिलों में गरज-चमक, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक इलाकों में बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा और रायगढ़ जिले में भारी वर्षा हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि कई क्षेत्रों में उमस का असर अब भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
बारिश के बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बुधवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
इस बार मानसून की एंट्री सामान्य तिथि की तुलना में करीब सात दिन देरी से हुई है। इसका असर वर्षा के आंकड़ों पर साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 127.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन वास्तविक वर्षा केवल 44.8 मिमी दर्ज की गई है। यानी अब तक करीब 65 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में मानसून के सक्रिय होने से वर्षा की गतिविधियों में तेजी आएगी और बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। किसानों के लिए भी यह राहत की खबर है, क्योंकि धान की बुआई का समय शुरू हो चुका है और अच्छी बारिश खेती-किसानी के लिए बेहद जरूरी मानी जा रही है।





