PWD सचिव का जशपुर दौरा: निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी, फोरलेन सड़क का प्रस्ताव भेजने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शनिवार को जशपुर जिले में निर्माणाधीन सड़क और अधोसंरचना परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित और कड़ाई से मॉनिटरिंग की जाए ताकि परियोजनाएं तय समय में पूरी हों और लोगों को उनका लाभ जल्द मिल सके।
निरीक्षण के दौरान बंसल ने रौनीघाट-बगीचा मार्ग, बगीचा-चराईडांड मार्ग तथा मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्तावित पहुंच मार्ग का जायजा लिया।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज तक पहुंच को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
उनका कहना था कि मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में आने वाले समय में यातायात का दबाव बढ़ेगा, इसलिए अभी से बेहतर सड़क संपर्क की योजना बनाना जरूरी है।
PWD सचिव ने जशपुर से पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क और अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जशपुर और पत्थलगांव क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़कों, पुलों और भवनों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में गुणवत्ता नियंत्रण, समयबद्ध कार्य निष्पादन और सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।
बंसल ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ काम करें।
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता बी.एस. बघेल, ज्ञानेश्वर कश्यप, जी.एस. मंडावी सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जिले के कार्यपालन एवं अनुविभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।





